अपराधियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, जिलेभर में चला सघन चेकिंग अभियान
चंदौली : जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में रविवार को जिलेभर में व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सदर क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस ने प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर मोर्चा संभालते हुए दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के दस्तावेज, हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया गया। नियमों की अनदेखी करने वाले एक दर्जन से अधिक वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा उनके पहचान पत्रों और गतिविधियों का सत्यापन भी किया। संवेदनशील स्थानों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा, जबकि असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में अपराधियों और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराध मुक्त चंदौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जनपद में इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


















