दो साल से फरार गोवध का इनामिया अभियुक्त पुलिस के हत्थे चढ़ा

24

दो साल से फरार गोवध का इनामिया अभियुक्त पुलिस के हत्थे चढ़ा

चंदौली : थाना अलीनगर पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित ₹25 हजार के इनामिया अभियुक्त को बिहार से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 28 अगस्त 2024 को सिंधीताली पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गया था। तलाशी लेने पर पिकअप से छह गोवंश बरामद हुए थे। इस मामले में थाना अलीनगर पर गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बिहार पुलिस के सहयोग से 3 जुलाई 2026 को वांछित ₹25 हजार के इनामिया अभियुक्त विजय कुमार गुप्ता पुत्र वीरेन्द्र कुमार गुप्ता, निवासी सरपनी वार्ड नंबर-11, हाटा, थाना चैनपुर, जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार को रोहतास जिले स्थित श्री राम वस्त्रालय के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ उक्त मुकदमे में लंबे समय से कार्रवाई चल रही थी। गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल, उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह एवं उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह सहित थाना अलीनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।