मुगलसराय स्टेशन पर बिहार ले जाई जा रही 16.2 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पार्सल गेट के पास से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 पीएम गोल्ड अंग्रेजी शराब के 90 पाउच (कुल 16.2 लीटर) बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 54 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान शनिवार को वीआईपी गेट पर वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक ओला स्विफ्ट डिजायर कार से उतरकर पीठू बैग में अंग्रेजी शराब लेकर रेलवे स्टेशन के रास्ते बिहार जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पार्सल गेट के पास घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान तीनों अभियुक्तों के बैग से 30-30 पाउच 8 पीएम गोल्ड अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मुगलसराय से शराब खरीदकर बिहार ले जाते हैं, जहां अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाते हैं और उसी से अपना खर्च चलाते हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आर्यन राज (21 वर्ष), राजू कुमार (19 वर्ष) और राजीव रंजन (21 वर्ष), निवासी जनपद नवादा (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक मुन्शी यादव एवं कांस्टेबल राकेश यादव की टीम शामिल रही।


















