करंट की चपेट में आने से किराना दुकानदार की दर्दनाक मौत, शॉर्ट सर्किट के बाद शटर बंद करते समय हुआ हादसा

140

करंट की चपेट में आने से किराना दुकानदार की दर्दनाक मौत, शॉर्ट सर्किट के बाद शटर बंद करते समय हुआ हादसा

चंदौली : चकिया नगर के वार्ड नंबर-3 शमशेर नगर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट की चपेट में आने से किराना दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार शमशेर नगर निवासी पखंडू चौहान पुत्र बचाऊ चौहान की मोहल्ले में किराना की दुकान है। शनिवार सुबह अचानक दुकान में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दुकानदार के साथ मिलकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

आग बुझने के बाद पाखंडू चौहान दुकान का शटर बंद करने लगे। इसी दौरान शटर में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। जैसे ही उन्होंने शटर को हाथ लगाया, वह तेज करंट की चपेट में आ गए और जोरदार झटका लगने से मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल है।

चकिया थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी लीलावती देवी की तहरीर प्राप्त हो गई है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।