नदी में डूबने से पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, खेलते समय हुआ हादसा

89

नदी में डूबने से पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, खेलते समय हुआ हादसा

चन्दौली : चकिया कोतवाली क्षेत्र के मटिहानी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मटिहानी गांव निवासी पांच वर्षीय सुप्रीत चौहान घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह खेलते-खेलते नदी के किनारे पहुंच गया और अचानक पैर फिसलने से नदी में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब बच्चे को नदी में गिरते देखा तो शोर मचाया और तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद मासूम को नदी से बाहर निकलवाया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।