धानापुर ब्लॉक में आम भंडारा एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन, ब्लॉक प्रमुख ने किया वृक्षारोपण

61

धानापुर ब्लॉक में आम भंडारा एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन, ब्लॉक प्रमुख ने किया वृक्षारोपण

चंदौली : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को चहनिया रेंज के अंतर्गत विकास खंड धानापुर में आम भंडारा एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने विकास खंड धानापुर के सभी ग्राम प्रधानों को आम के पौधे वितरित किए तथा स्वयं भी पौधरोपण कर लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल शुद्ध वातावरण प्रदान करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी आधारशिला हैं। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से अपने-अपने गांवों में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान आम भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। वन विभाग के अधिकारियों ने पौधों के संरक्षण और उनके महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को पौधरोपण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में प्रधान राजेश सिंह, प्रधान प्रतिनिधि रामप्रवेश त्रिपाठी, क्षेत्रीय वन अधिकारी राम सवारे यादव, फिरोज गांधी, अभिषेक, जितेंद्र, ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह, रामजी कुशवाहा, अनिल कुमार यादव, सतीश, महेंद्र, कमलेश, मुकेश यादव, मनोज सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।