एक ही रात में तीन घरों में लाखों की चोरी, बेटी की शादी के गहने भी ले उड़े चोर, मारुफपुर चौकी से महज 500 मीटर दूर वारदात, ग्रामीणों में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

39

एक ही रात में तीन घरों में लाखों की चोरी, बेटी की शादी के गहने भी ले उड़े चोर, मारुफपुर चौकी से महज 500 मीटर दूर वारदात, ग्रामीणों में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मारुफपुर पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित चकिया बिहारी मिश्र एवं पट्टी गांव में गुरुवार रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सबसे पीड़ादायक बात यह रही कि एक परिवार ने बेटी की आगामी शादी के लिए बनवाए गए गहने भी चोरों ने चोरी कर लिए। एक ही रात में हुई लगातार तीन चोरियों से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं।

पहली घटना अमरीश मिश्र के घर हुई। गर्मी के कारण पूरा परिवार छत पर सो रहा था। इसी दौरान चोर घर में घुसकर तीन सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, मांगटीका तथा चांदी के बर्तन चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार नीचे आया तो घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। पीड़ित के अनुसार लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

दूसरी और सबसे बड़ी वारदात शैलेंद्र चौबे के घर हुई। उनकी एक बेटी की शादी पिछले महीने हुई थी, जबकि दूसरी बेटी का विवाह दिसंबर में निर्धारित है। चोर घर से लगभग 500 ग्राम चांदी की करधनी, 10 ग्राम सोने की सिकड़ी, दो सोने की अंगूठियां, लॉकेट, झुमके, मीना, करीब 50 हजार रुपये नकद तथा अन्य सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। कुल नुकसान आठ लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है। शैलेंद्र चौबे ने कहा कि बेटी की शादी के लिए वर्षों की जमा-पूंजी से गहने बनवाए थे, जिन्हें चोर एक ही रात में ले गए।

तीसरी घटना राम अवध चौबे के घर हुई। परिवार के सदस्य वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती थे, जिससे घर सूना पड़ा था। इसका फायदा उठाते हुए चोरों ने मंगलसूत्र, पायल, सोने का जुतिया, दो अंगूठियां, चांदी के बर्तन तथा 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इस घटना में करीब साढ़े चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। सुबह पड़ोसियों ने घर का टूटा दरवाजा देखकर परिजनों को सूचना दी।

ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने रात लगभग 12:30 बजे से 3:30 बजे के बीच तीनों घरों में वारदात को अंजाम दिया। जिन घरों में लोग छत पर सो रहे थे या घर खाली था, उन्हीं को निशाना बनाया गया। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से रेकी की थी।

घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी घटनास्थल से महज 500 मीटर दूर होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर तीन घरों में चोरी कर फरार हो गए। अब ग्रामीण स्वयं रात में लाठी लेकर पहरा देने को मजबूर हैं।

थानाध्यक्ष बलुआ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों पीड़ितों की तहरीर प्राप्त हो गई है। डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम तथा सर्विलांस टीम की मदद से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।