बरठी-कमरौर रेलवे फाटक बंद करने की तैयारी का ग्रामीणों ने किया विरोध, महिलाओं ने शुरू किया प्रदर्शन

37

बरठी-कमरौर रेलवे फाटक बंद करने की तैयारी का ग्रामीणों ने किया विरोध, महिलाओं ने शुरू किया प्रदर्शन

चंदौली : सैदराजा थाना क्षेत्र के बरठी-कमरौर रेलवे फाटक को बंद करने की रेलवे विभाग की तैयारी तेज हो गई है। फाटक के दोनों ओर दीवार निर्माण का कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया और रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि बरठी-कमरौर रेलवे फाटक आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए प्रमुख आवागमन का मार्ग है। यदि इसे बंद कर दिया गया तो छात्रों, बुजुर्गों, मरीजों, किसानों और आम नागरिकों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। खेतों तक पहुंचने, बच्चों के स्कूल जाने तथा मरीजों को अस्पताल ले जाने में लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि फाटक बंद किए जाने की सूचना मिलने के बाद उन्होंने पहले ही क्षेत्रीय विधायक सुशील सिंह और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को ज्ञापन सौंपकर फाटक बंद न किए जाने की मांग की थी। बावजूद इसके रेलवे विभाग की ओर से अब तक कोई लिखित जवाब नहीं दिया गया है। अब बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के दीवार निर्माण शुरू कर दिए जाने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने मांग की कि यदि रेलवे सुरक्षा कारणों से फाटक बंद करना चाहता है तो पहले लोगों की सुविधा के लिए फुट ओवर ब्रिज या अन्य सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए फाटक बंद करना हजारों लोगों की दैनिक जिंदगी को प्रभावित करेगा।

महिलाओं और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और फाटक बंद करने का निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।