नेहरू युवा केंद्र की चयन प्रक्रिया पर एबीवीपी ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
चंदौली : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) चंदौली इकाई ने नेहरू युवा केंद्र में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के चयन में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। जिला संयोजक मनीष यादव के नेतृत्व में 15 से 20 पदाधिकारी एवं विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में परिषद ने आरोप लगाया कि 2 जून 2026 को नेहरू युवा केंद्र चंदौली द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के चयन के दौरान पारदर्शिता का अभाव रहा। चयन प्रक्रिया के अंक एवं चयन का आधार सार्वजनिक नहीं किया गया, जबकि योग्य एवं पात्र अभ्यर्थियों की उपेक्षा किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इसके अलावा चयन प्रक्रिया में पक्षपात तथा पूर्व निर्धारित चयन की आशंका जताते हुए चयन समिति और मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी अभ्यर्थियों को उपलब्ध नहीं कराए जाने का भी आरोप लगाया गया।
एबीवीपी ने जिलाधिकारी से मांग की कि दो कार्य दिवस के भीतर संपूर्ण चयन प्रक्रिया की मजिस्ट्रियल अथवा किसी सक्षम अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक चयन प्रक्रिया अथवा नियुक्ति पर आवश्यकतानुसार रोक लगाने, दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान करते हुए पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।
जिला संयोजक मनीष यादव ने कहा कि यदि निर्धारित समय में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जनपद स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान परिषद के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















