भीषमपुर में 350 से अधिक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
चंदौली : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच विकासखंड चकिया की ग्राम पंचायत भीषमपुर में मतदाता सूची से 350 से अधिक लोगों के नाम कथित रूप से हटाए जाने का मामला सामने आया है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द नाम पुनः जोड़ने की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो एसडीएम कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से 350 से अधिक वैध मतदाताओं के नाम बिना किसी सूचना के काट दिए गए हैं। मामले की शिकायत करने पर संबंधित बीएलओ ओमप्रकाश यादव, श्याम सुंदर यादव एवं देवेंद्र भारती ने ग्रामीणों को बताया कि उनके स्तर से किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं हुई है।
उन्होंने इस संबंध में उप जिलाधिकारी और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर स्पष्ट किया है कि जिन लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, वे भीषमपुर के वैध मतदाता हैं और उनका नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल किया जाना चाहिए।
ग्रामीण मुकेश चौबे, संजय गुप्ता, उस्मान गनी उर्फ बबलू खान, नुरुल अंसारी, रामभरोस गुप्ता, कमलेश गुप्ता, सुरेश विश्वकर्मा, पप्पू सेठ, भानु पाल, अरविंद गुप्ता, जोखन सोनकर, कैलाश सोनकर, छन्नू सोनकर, कन्हैया सहित अन्य लोगों ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अधिकार है। यदि समय रहते नाम नहीं जोड़े गए तो हजारों ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पर धरना देने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, प्रभारी लेखपाल अल्ताफ तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी की जा चुकी है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


















