गरीबों को वितरित होने वाली सामग्री की डीएम ने की गुणवत्ता जांच, बोले – गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
चंदौली : जनपद में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा निःशुल्क वितरित की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विशेष ध्यान देते हुए गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वितरण के लिए लाई गई सिलाई मशीन, प्लास्टिक ड्रम, दवा छिड़काव मशीन, कैंची, टेबल, बर्तन सहित अन्य सामग्री का बारीकी से परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि लाभार्थियों को केवल उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री ही उपलब्ध कराई जाए। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, इसलिए सामग्री मानक के अनुरूप और उपयोगी होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक सामग्री की गुणवत्ता की समुचित जांच के बाद ही उसका वितरण सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी भी प्रकार की घटिया अथवा मानक विहीन सामग्री पाए जाने की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारी एवं आपूर्तिकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।


















