बरियारपुर में ग्राम समाज की भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
चंदौली : चकिया तहसील क्षेत्र के बरियारपुर गांव में ग्राम समाज की बहुमूल्य भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने सख्ती से हटाते हुए जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत के बाद राजस्व विभाग द्वारा भूमि की पैमाइश कराई गई, जिसमें ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई। इसके बाद राजस्व टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को ध्वस्त करते हुए पूरी भूमि को कब्जामुक्त करा लिया।
तहसीलदार देवेंद्र सिंह यादव ने स्पष्ट कहा कि सरकारी एवं ग्राम समाज की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भू-माफिया अधिनियम सहित अन्य सख्त कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा खाली कराई गई भूमि को ग्राम सभा को सुपुर्द कर दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है।









