भव्य कलश यात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ, 22 जून को होगी भगवान राम-सीता व माता दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा

38

भव्य कलश यात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ, 22 जून को होगी भगवान राम-सीता व माता दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के ग्राम सभा मजिदहां में पूर्व प्रधान बब्बू सिंह के नेतृत्व में भगवान श्रीराम-सीता एवं माता दुर्गा मंदिर के भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को वैदिक रीति-रिवाजों के साथ जलभरावन कार्यक्रम से हुआ। तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन निकली भव्य कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी।

प्रातः 11 बजे बलुआ घाट से 108 कन्याओं ने मां गंगा का पवित्र जल कलशों में भरकर भव्य कलश यात्रा निकाली। पूर्व प्रधान बब्बू सिंह के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं ग्रामीण शामिल हुए। “जय श्रीराम”, “जय माता दी” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

महोत्सव को लेकर गांव में विशेष सजावट, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बब्बू सिंह के प्रयासों एवं मार्गदर्शन में आयोजित यह धार्मिक आयोजन गांव के इतिहास का एक यादगार महोत्सव साबित होगा।

पूर्व प्रधान बब्बू सिंह ने बताया कि रविवार को रामायण पाठ, हवन-पूजन, यज्ञ एवं विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। वहीं 22 जून को विद्वान आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम-सीता, रामदरबार एवं माता दुर्गा की प्रतिमाओं की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी।

प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत सोमवार को दोपहर एक बजे से विशाल भंडारे (प्रसाद वितरण) का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के आगमन तक निरंतर चलता रहेगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।