बलुआ पुलिस ने अवैध तमंचा व कारतूस के साथ युवक को किया गिरफ्तार

59

बलुआ पुलिस ने अवैध तमंचा व कारतूस के साथ युवक को किया गिरफ्तार

चंदौली : जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं उच्चाधिकारियों के कुशल पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में गुरुवार को थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में बलुआ पुलिस क्षेत्र में भ्रमण एवं संदिग्ध व्यक्ति-वस्तुओं की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने लक्ष्मणगढ़ पुलिया के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा तथा 315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान कमलेश सोनकर (24 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मोहनलाल, निवासी ग्राम लक्ष्मणगढ़, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई।

बरामदगी के आधार पर थाना बलुआ में मु0अ0सं0 233/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विनोद सिंह, उपनिरीक्षक जितेन्द्र बहादुर सिंह तथा कांस्टेबल कृष्ण कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।