नौगढ़ तहसील में जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 160 शिकायतों में तीन का मौके पर निस्तारण

40

नौगढ़ तहसील में जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 160 शिकायतों में तीन का मौके पर निस्तारण

चंदौली : शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। नौगढ़ तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की।

शिथिलता बरतने वाले राजस्व कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई

इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं पर त्वरित न्याय एवं राहत प्रदान करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने वाले राजस्व कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व मामलों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने पर जोर

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 160 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्विवाद वरासत एवं अन्य राजस्व मामलों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

डीएम ने सम्बंधित अधिकारियों को दिया निर्देश

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने आवास, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक मामले भूमि विवाद, विकास विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग तथा पुलिस से संबंधित रहे।

ये रहे मौजूद

सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी नौगढ़, तहसीलदार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।