प्रभारी मंत्री संजीव गौड़ बोले- सरकार की सभी योजनाएं धरातल पर, किसानों और युवाओं के हित में लगातार काम जारी

12

प्रभारी मंत्री संजीव गौड़ बोले- सरकार की सभी योजनाएं धरातल पर, किसानों और युवाओं के हित में लगातार काम जारी

चंदौली : जनपद के प्रभारी मंत्री संजीव गौड़ शनिवार को चंदौली पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं पूरी तरह धरातल पर लागू हैं और आम जनता को उनका सीधा लाभ मिल रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभाव गांव-गांव तक पहुंचा है। यही कारण है कि जनता ने प्रधानमंत्री को तीसरी बार देश की सेवा करने का अवसर दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भी एक बार फिर सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनका जीवन सम्मानजनक बन सके।

धान की नर्सरी के लिए नहरों में पानी नहीं होने से किसानों की परेशानी के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि धान की नर्सरी लगाने से पहले नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा ताकि किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में पूरी तरह कटिबद्ध है। पढ़े-लिखे युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार विभिन्न माध्यमों से रोजगार और नौकरी उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ प्रदेश में विकास एवं जनकल्याण के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।