चकिया के धनावल गांव में आकाशीय बिजली का कहर,  महिला और मासूम बालिका की दर्दनाक मौत, प्रशासन ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

14

चकिया के धनावल गांव में आकाशीय बिजली का कहर,  महिला और मासूम बालिका की दर्दनाक मौत, प्रशासन ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

चन्दौली : जनपद की चकिया तहसील के धनावल गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक हृदयविदारक हादसा हो गया। अचानक बदले मौसम के बीच गिरी तेज बिजली की चपेट में आने से एक महिला और एक 12 वर्षीय मासूम बालिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, धनावल गांव निवासी रूबी (35 वर्ष), पत्नी राजकुमार तथा पड़ोस की रहने वाली लक्ष्मी (12 वर्ष) शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर चकिया थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

घटना के बाद उपजिलाधिकारी चकिया सहित राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया।

उप जिलाधिकारी ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और पीड़ादायक घटना है। प्रशासन इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और शासन के निर्देशानुसार सभी आवश्यक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।

24 घंटे के भीतर मिलेगी तात्कालिक आपदा सहायता
राजस्व अधिकारियों ने बताया कि दैवीय आपदा प्रबंधन के तहत पीड़ित परिवारों को नियमानुसार तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए सहायता राशि 24 घंटे के भीतर प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर मानसून और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता को उजागर किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले स्थानों, पेड़ों और खेतों में जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।