ब्लॉक कार्यालय के पास खराब हैंडपम्प, स्वच्छ पानी के लिए ग्रामीणों ने उठाई आवाज

24

ब्लॉक कार्यालय के पास खराब हैंडपम्प, स्वच्छ पानी के लिए ग्रामीणों ने उठाई आवाज

चंदौली : भीषण गर्मी के बीच बरहनी चौराहे के पास स्थित एक सरकारी हैंडपम्प से दूषित पानी निकलने के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरहनी विकास खंड क्षेत्र के इस प्रमुख चौराहे पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, लेकिन पेयजल के लिए स्थापित हैंडपम्प से गंदा पानी निकलने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार गर्मी के मौसम में राहगीर प्यास बुझाने के लिए हैंडपम्प पर रुकते हैं, लेकिन पानी की खराब गुणवत्ता के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। लोगों का कहना है कि दूषित पानी के सेवन से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है।

गौरतलब है कि जिस सरकारी हैंडपम्प से गंदा पानी निकल रहा है, उससे कुछ ही दूरी पर बरहनी विकास खंड कार्यालय संचालित होता है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारियों को समस्या की जानकारी होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वहां पहुंचे मोहम्मदपुर निवासी आशीष कुमार ने बताया कि तेज धूप में सफर के दौरान प्यास लगने पर वह हैंडपम्प पर रुके थे, लेकिन उसमें से गंदा पानी निकलने के कारण उन्हें बिना पानी पिए ही लौटना पड़ा। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से हैंडपम्प की तत्काल मरम्मत कराने तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

हैंडपम्प के समीप स्थित लाडो पान भंडार के संचालक हरी वर्मा ने बताया कि उनकी दुकान पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं। हैंडपम्प से लगातार गंदा पानी निकलने के कारण उन्हें पीने के लिए दूसरे स्थान से पानी लाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में हैंडपम्प की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया।

स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से हैंडपम्प की जांच कर आवश्यक मरम्मत एवं सफाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में पेयजल की समस्या गंभीर रूप धारण कर सकती है, इसलिए प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना चाहिए।