चन्दौली पुलिस की बड़ी सफलता, 36 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा, अवैध संबंध और सामाजिक अपमान बना हत्या की वजह
चन्दौली : जनपद के चकिया थाना क्षेत्र के ग्राम जोगिया कला में हुए चर्चित ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों और सार्वजनिक रूप से हुए अपमान का बदला लेने के लिए आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
घर के बाहर चारपाई पर सो रहे युवक की कर दी थी निर्मम हत्या
जानकारी के अनुसार 05/06 जून 2026 की मध्य रात्रि थाना चकिया के शिकारगंज चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोगिया कला निवासी बेचई उर्फ बृजेश यादव (34 वर्ष) अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए। वादी की तहरीर के आधार पर थाना चकिया में मुकदमा अपराध संख्या 153/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
हर पहलू पर हुई गहन जांच, सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने गांव के लोगों से पूछताछ, तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए जमीन विवाद सहित सभी संभावित कारणों की जांच की।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी का गांव के ही सुनील यादव उर्फ कवि के साथ पिछले चार से पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना से लगभग एक सप्ताह पहले हुए झगड़े के बाद मृतक की पत्नी अपने बच्चों को लेकर मायके चली गई थी।
इसके बाद मृतक ने गांव में सार्वजनिक रूप से आरोपी और उसकी पत्नी के बीच अवैध संबंधों का खुलासा करना शुरू कर दिया था। बताया जा रहा है कि आरोपी आगामी ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था और उसने इसे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा पर हमला मानते हुए बदला लेने का फैसला कर लिया।
पहले खरीदी कुल्हाड़ी, फिर रची हत्या की पूरी साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 5 जून की दोपहर अहरौरा जाकर एक लोहार की दुकान से लोहे की धारदार कुल्हाड़ी खरीदी। उसी रात खेत से कुल्हाड़ी लेकर वह चोरी-छिपे मृतक के घर पहुंचा और चारपाई पर सो रहे बेचई उर्फ बृजेश यादव की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।
शोर न मचे, इसके लिए उसने मृतक के ही गमछे का टुकड़ा उसके मुंह में ठूंस दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुल्हाड़ी को अपने खेत में गाड़कर वापस वहीं जाकर सो गया ताकि किसी को उस पर शक न हो।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
दिनांक 7 जून 2026 की शाम करीब आठ बजे मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर थाना चकिया पुलिस ने मोकरम बंधी के पास घेराबंदी कर आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि पुत्र बलवंत यादव निवासी ग्राम जोगिया कला को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके खेत से हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।
हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई एक लोहे की धारदार कुल्हाड़ी बरामद की है, जिसे साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने किया सफल अनावरण
इस चर्चित ब्लाइंड मर्डर केस के सफल अनावरण में थाना चकिया के थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार पांडेय (चौकी प्रभारी सैदूपुर), उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा (चौकी प्रभारी शिकारगंज), उपनिरीक्षक गोविंद सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार (चौकी प्रभारी कस्बा), हेड कांस्टेबल अनुज कुमार यादव, कांस्टेबल श्रीराम तथा कांस्टेबल राकेश कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस शानदार कार्यवाही पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पूरी पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। महज 36 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करना चन्दौली पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


















