शौच कर लौट रहे युवक की ट्रेन से कटकर मौत, परिवार में मचा कोहराम, कचहरी में करता था टाइपिंग का कार्य
चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के हिनौता गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
हिनौता गांव के पास हुआ हादसा, मौके पर गई जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिनौता गांव निवासी आनंद कुमार (22) सोमवार सुबह रोजाना की तरह शौच के लिए रेलवे लाइन के पार गए थे। शौच के बाद वापस घर लौटते समय हिनौता गांव के समीप रेलवे किलोमीटर संख्या 666/F-34 के पास अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
कचहरी में टाइपिंग का काम करता था मृतक युवक
युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि आनंद कुमार चंदौली कचहरी में टाइपिंग का कार्य करते थे और अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करते थे।
सदर कोतवाली पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
इस संबंध में सदर कोतवाल विंध्यवासिनी पांडेय ने बताया कि सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दर्दनाक हादसे से गांव में पसरा मातम
इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पार करते समय लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।


















