जमीनी विवाद में मारपीट के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, लाठी-डंडे व मोबाइल बरामद

51

जमीनी विवाद में मारपीट के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, लाठी-डंडे व मोबाइल बरामद

चन्दौली : थाना धीना पुलिस ने जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में वांछित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे तथा तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम बैरी खुर्द में 27 मई 2026 को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। आरोप है कि अभियुक्तों ने लाठी-डंडों से हमला कर वादी, उसके पिता, माता और भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में पीड़ित की तहरीर पर थाना धीना में मुकदमा संख्या 41/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना धीना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारकण्डेय बिन्द (56 वर्ष), हरिलाल (41 वर्ष), किशन (22 वर्ष), रिंकू (26 वर्ष) निवासी ग्राम बैरी खुर्द तथा चन्द्रजीत बिन्द (23 वर्ष) निवासी ग्राम भेडुआ, थाना नन्दगंज, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया।

प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर बैरीकला मोड़ पुलिया के पास से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनके और पट्टीदारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पैमाइश होने के बावजूद घर की जमीन को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त रिंकू की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे तथा तीन मोबाइल फोन (दो स्मार्टफोन और एक कीपैड मोबाइल) बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक खेदूराम भारती, उपनिरीक्षक प्रेमनारायण सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार अत्री, कांस्टेबल अमित सिंह, आरक्षी विश्वजीत एवं आरक्षी पंकज यादव शामिल रहे।