चन्दौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो कारों से 48 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
चन्दौली : जनपद चन्दौली की कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कारों से 48 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन और एक बैग भी बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 23.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली चन्दौली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध गांजे की खेप वाहनों के माध्यम से ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवीन मंडी के सामने फ्लाईओवर के पास सघन वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रही दो संदिग्ध कारों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान हुंडई कार (UP65DY6249) की डिग्गी से 20 बंडलों में पैक गांजा तथा डिजायर कार (CG04MK3105) की डिग्गी से 27 बंडलों में पैक गांजा बरामद हुआ। दोनों वाहनों से कुल 47 बंडलों में 48 किलोग्राम गांजा मिला।
पुलिस ने मौके से विकास वियार (26 वर्ष) निवासी बबुरी, राजू जायसवाल निवासी ताराजीवनपुर तथा प्रिंस जायसवाल निवासी घुरहुपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो आईफोन समेत पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे की खेप को वाराणसी की ओर से लेकर बिहार पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
इस संबंध में थाना चन्दौली पर मु0अ0सं0 266/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ जनपद में अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


















