सुल्तानपुर में बड़ी चोरी से हड़कंप, नगदी समेत 25 लाख के गहने पार, गांव में दहशत और आक्रोश
चंदौली : जनपद चंदौली के विकास खंड सदर अंतर्गत सुल्तानपुर गांव में शुक्रवार अल सुबह हुई चोरी की बड़ी वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए नगदी समेत लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार में मातम का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में पुलिस गश्त को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।
पीड़ित सुनील पाण्डेय के अनुसार, देर रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए और बड़ी ही शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर में प्रवेश करने के बाद दरवाजे की कुंडी बंद कर दी, जिससे परिवार के लोग अंदर ही सोते रह गए और उन्हें भनक तक नहीं लगी।
सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 50 से 60 हजार रुपये नगद और लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में सोने के हार, कंगन, कान के तीन जोड़ी आभूषण, अन्य कीमती जेवरात और महंगी साड़ियां शामिल हैं।
घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से पुलिस की रात्रि गश्त प्रभावी नहीं है, जिसके चलते चोरों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही नवही चौकी प्रभारी तरुण कश्यप अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू कर दिया है।
फिलहाल पूरे गांव में इस बड़ी चोरी की घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है। वही पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और चोरों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।


















