तेरही के कार्यक्रम में मासूम की मौत से मचा कोहराम, जनरेटर की चपेट में आने से गई 7 वर्षीय सत्या की जान

337

तेरही के कार्यक्रम में मासूम की मौत से मचा कोहराम, जनरेटर की चपेट में आने से गई 7 वर्षीय सत्या की जान

चंदौली : जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथी गांव में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में आयोजित तेरही कार्यक्रम के दौरान खेल रहे 7 वर्षीय मासूम सत्या कुमार की जनरेटर से करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

टेंट के पीछे चल रहे जनरेटर ने छीन ली मासूम की जिंदगी

जानकारी के अनुसार घटना कैथी गांव के शत्रुध्न राम के घर पर हुई, जहां तेरही का आयोजन था। इसी कार्यक्रम में गांव के ही प्रमोद राम का पुत्र सत्या भी अन्य बच्चों के साथ शामिल हुआ था। खाना खाने के बाद सत्या बच्चों के साथ खेलते हुए टेंट के पीछे पहुंच गया, जहां एक जनरेटर चालू अवस्था में रखा हुआ था। खेलते-खेलते सत्या उसकी चपेट में आ गया और करंट लगने से मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

लापता सत्या टेंट के पीछे बेसुध मिला

काफी देर तक सत्या के न दिखने पर अन्य बच्चों ने खोजबीन शुरू की तो वह टेंट के पीछे बेसुध हालत में पड़ा मिला। बच्चों के शोर मचाने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत उसे चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत के बाद परिजनों पर टूटा दुःखों का पहाड़

सत्या की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता प्रमोद, मां मीना देवी, भाइयों अन्नू और सन्नू, तथा दादा बाबूलाल का क्रंदन देख गांव की आंखें नम हो गईं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

इस दर्दनाक हादसे ने न केवल एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। मासूम की असमय मौत ने एक बार फिर जनरेटर और बिजली उपकरणों के पास सुरक्षा के अभाव को उजागर कर दिया है।