पत्नी और ननदोई निकले हत्यारे, फांसी का रूप देकर रची आत्महत्या की साजिश, पुलिस ने किया खुलासा

580

पत्नी और ननदोई निकले हत्यारे, फांसी का रूप देकर रची आत्महत्या की साजिश, पुलिस ने किया खुलासा

चंदौली : थाना बबुरी क्षेत्र में आत्महत्या समझी जा रही एक घटना का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या के मामले का पर्दाफाश कर दिया है। मृतक की पत्नी और उसके ननदोई को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की है।

ये रहा मामला

मामला 01 मार्च 2026 का है, जब ग्राम खुरहुजा (बरऊर) निवासी हीरा वियार ने तहरीर देकर बताया कि उनके भतीजे राजवंश वियार ने अपनी जमीन रामगढ़ गांव में गिरवी रखी थी। जमीन वापस लेने को लेकर विवाद और धमकी से परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस सूचना पर थाना बबुरी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना बबुरी पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक, मैनुअल और सर्विलांस साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया।

जांच में सामने आई खौफनाक सच्चाई

पुलिस की पड़ताल में आत्महत्या की कहानी झूठी निकली। सामने आया कि मृतक की पत्नी राम दुलारी और उसके ननदोई रामजनम के बीच अवैध संबंध थे। 28 फरवरी की रात रामजनम घर पहुंचा, जहां दोनों के बीच संबंध बने। इसी दौरान राजवंश ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिससे विवाद हो गया।

विवाद के दौरान रामजनम ने राजवंश का गला दबाया और फिर दोनों ने मिलकर रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया गया, ताकि घटना आत्महत्या लगे।

सुबह रचा गया ड्रामा

घटना के बाद राम दुलारी ने सुबह रोने-चिल्लाने का नाटक किया और पड़ोसियों को बुलाकर आत्महत्या का माहौल बनाया। पड़ोसियों ने दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा।

झूठे फंसाने की भी थी साजिश

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी पहले से ही एक अन्य व्यक्ति को झूठे मुकदमे में फंसाने की योजना बना रहे थे, ताकि उससे आर्थिक लाभ लिया जा सके।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने रामजनम (42 वर्ष) निवासी सिरकुटिया और राम दुलारी (40 वर्ष) निवासी बड़उर खुरहुजा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान हत्या में प्रयुक्त रस्सी बरामद की गई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरे मामले के खुलासे में थाना बबुरी प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा व उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी तत्परता से एक जघन्य हत्या का पर्दाफाश हो सका।