मिशन शक्ति के तहत दिव्यांग बालिकाओं संग पुलिस ने मनाया अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस, दिया स्वावलंबन का पाठ
चंदौली : उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0” के तहत बुधवार को थाना सकलडीहा क्षेत्र अंतर्गत अमर ज्योति सेवा केंद्र, खड़ेहरा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी की उपस्थिति में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं, छात्राओं और दिव्यांग बच्चों को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की भावना से जोड़ना तथा सरकारी योजनाओं और कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।
महिलाओं के अधिकारों पर दी गई विस्तृत जानकारी
क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने उपस्थित बालिकाओं और छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत पम्पलेट वितरित किए और महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध व प्रतितोष) अधिनियम, 2013, दहेज निषेध अधिनियम, 1961 (संशोधित 1986) और गर्भधारण पूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम, 1994 के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि “दिव्यांगता केवल एक शारीरिक स्थिति है, यह किसी की क्षमताओं का अंत नहीं। प्रत्येक बालिका और बच्चा अपनी प्रतिभा से समाज में पहचान बना सकता है।”
बालिकाओं ने दिखाया हुनर, सम्मानित हुए प्रतिभाशाली बच्चे
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं और छात्राओं ने गीत, नृत्य और चित्रकला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनके उत्साहवर्धन के लिए क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने प्रतिभाशाली बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया। इससे बच्चों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ।
साइबर अपराधों से बचाव पर दी उपयोगी जानकारी
जनपदीय साइबर क्राइम टीम और साइबर प्रभारी ने बालिकाओं व छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पम्पलेट वितरित कर उन्हें साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए।
मुख्य बिंदु ये रहे
◆ साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर सूचना दें ताकि राशि को खाते में होल्ड कराया जा सके।
◆ साइबर अपराध की शिकायत www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर दर्ज करें।
◆ बैंक कभी भी KYC अपडेट के लिए ओटीपी, सीवीवी या पिन नंबर नहीं मांगते, ऐसे कॉल या लिंक से सावधान रहें।
◆ फेसबुक व सोशल मीडिया पर किसी अंजान व्यक्ति को फ्रेंड रिक्वेस्ट न स्वीकारें और अपनी निजी जानकारी साझा न करें।
समापन में दिया सुरक्षा व स्वावलंबन का संदेश
कार्यक्रम में अमर ज्योति सेवा केंद्र संस्था के सदस्य, थाना सकलडीहा के अधिकारी/कर्मचारी तथा बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित रहे। अंत में क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने कहा कि “बालिकाओं और दिव्यांग बच्चों में जोश, आत्मविश्वास और जागरूकता ही सशक्त भारत की नींव है। हर बच्चा सुरक्षित और सशक्त हो, यही मिशन शक्ति का असली उद्देश्य है।”


















