पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ जन अभियान की कार्यशाला का हुआ आयोजन
चंदौली : तीर्थ हज कर वापस आओ, भोज के बदले बृक्ष लगाओ, दान पुण्य जप तप किया, तीर्थ किया हजार, बृक्षारोपण न किया तो सब है बेकार के संदेश के साथ बुधवार को धानापुर विकास खंड परिसर स्थित सभागार कक्ष में प्रभागीय वनाधिकारी दिलीप श्रीवास्तव, उप वनाधिकारी सत्यपाल प्रसाद के निर्देशन में तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी नित्यानंद पाण्डेय की उपस्थिति में पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ जन अभियान की कार्यशाला का आयोजन किया गया. जिसमें जनमानस से बृक्षारोपण अभियान के तहत अधिक से अधिक पौध लगाने की अपील की गई.

वही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय वन अधिकारी नित्यानंद पाण्डेय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अहम पहल है, क्योंकि जीवनदायनी ऑक्सीजन का एकमात्र स्त्रोत वृक्ष ही हैं. मानव जीवन वृक्षों पर ही निर्भर है. यदि वृक्ष नहीं रहेंगे तो धरती पर जीवन संकट में पड़ जाएगा. पौधे न केवल वातावरण को स्वच्छ बनाते हैं बल्कि जीवन के लिए अति आवश्यक वायु भी इनसे ही प्राप्त होती है. अत: सभी लोग अपने आस-पास की खाली जगह पर ज्यादा से ज्यादा पेड़-पौधे लगाएं और वातावरण स्वच्छ बनाने में सहयोग करें. इस दौरान एडीओ पंचायत धानापुर राजेश कुमार सिंह ने भी लोगों से पौधरोपण करने की अपील की.

आयोजन में प्रमुख रूप से दयाल सरन श्रीवास्तव वरिष्ठ लिपिक, नित्यानंद सिंह एडीओ, रामशब्द यादव एपीओ, जितेंद्र यादव वन रक्षक, अभिषेक यादव वन रक्षक, ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, रोजगार सेवक सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित थे.









