चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा मामला, ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो ग्रामीणों की मौत, चालक फरार

99

चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा मामला, ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो ग्रामीणों की मौत, चालक फरार

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के गुरेरा गांव में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के गांव फूलपुर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, फूलपुर निवासी 48 वर्षीय श्रीराम राम और 47 वर्षीय राम किशुन राम शनिवार शाम चहनियां बाजार से तिरपाल खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरेरा के पास हाईवे पर मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोश फैल गया। हालात को देखते हुए क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी बलुआ थाने पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

बलुआ पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक हृदयपुर निवासी रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा मिट्टी लदे ट्रैक्टर को सीज कर दिया है। हालांकि आरोपी चालक अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

एक ही गांव के दो लोगों की एक साथ मौत से फूलपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव में हर आंख नम है और मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।