व्यापारियों ने थाना प्रभारी को सौंपा पत्रक, चालान व अतिक्रमण की समस्या उठाई

39

व्यापारियों ने थाना प्रभारी को सौंपा पत्रक, चालान व अतिक्रमण की समस्या उठाई

चंदौली : व्यापारियों की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, चहनियां बाजार के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी बलुआ को पत्रक सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव एवं महामंत्री रामविलास गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए पत्रक में दुकानदारों के चालान, बाजार में यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

व्यापारियों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से स्थानीय दुकानदारों के चालान किए जा रहे हैं, जबकि बाजार में आने वाले ग्राहक और राहगीर भी दुकानों के सामने अपने वाहन खड़े करते हैं। ऐसे में केवल दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने से व्यापारियों में असंतोष है। व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन से वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर व्यावहारिक तरीके से कार्रवाई करने की मांग की।

वहीं, दूसरे पत्रक के माध्यम से बाजार में यातायात व्यवस्था एवं अतिक्रमण की समस्या की ओर भी पुलिस का ध्यान आकृष्ट कराया गया। व्यापारियों ने कहा कि बाजार में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे दुकानदारों के साथ-साथ ग्राहकों और राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी न हो।

व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से अनावश्यक कार्रवाई से व्यापारियों को राहत देने तथा बाजार की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।