बाढ़ प्रभावित गांवों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

49

बाढ़ प्रभावित गांवों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

चंदौली : गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। गुरुवार को उपजिलाधिकारी सकलडीहा आकांक्षा सिंह ने चहनियां क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने टांडा, सरौली, मोहम्मदपुर, जमालपुर, शेरपुर सरैया समेत गंगा किनारे स्थित विभिन्न गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी तरह की आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आकांक्षा सिंह ने कहा कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे। संबंधित अधिकारी और कर्मचारी क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए स्थिति पर नजर रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने ग्रामीणों को भी प्रशासन का सहयोग करने और अनावश्यक रूप से नदी किनारे नहीं जाने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अनुराग सिंह, राजेंद्र प्रसाद, दिनेश चंद्र शुक्ला, लेखपाल प्रवीण सिंह, बृजेश मिश्रा, अखिलेश मिश्रा समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।