धौरहरा के विद्यालयों में डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, कक्षाओं में पहुंचकर परखा बच्चों का शैक्षणिक स्तर

154

धौरहरा के विद्यालयों में डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, कक्षाओं में पहुंचकर परखा बच्चों का शैक्षणिक स्तर

चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गुरुवार को धौरहरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया और पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर एवं बौद्धिक क्षमता को परखा।

निरीक्षण के दौरान बच्चों ने भी अधिकारियों से डॉक्टर, आईएएस, आईपीएस एवं सेना में भर्ती होकर देश और समाज की सेवा करने से संबंधित सवाल पूछे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करने तथा मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्रावास में साफ-सफाई, शयन कक्ष, पेयजल एवं शौचालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता परखी तथा निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राथमिक स्तर पर बच्चों की शैक्षिक नींव मजबूत करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने मिड-डे मील में निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन, विद्यालय परिसर में स्वच्छता और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही शिक्षकों को केवल उपस्थिति तक सीमित न रहकर नवीन शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से बच्चों के बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112 और 1090 का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिसर में लगे सुरक्षा उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखने तथा बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार को निर्देशित किया कि वे स्वयं एवं खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से क्षेत्र के विद्यालयों की नियमित औचक मॉनिटरिंग कराएं। निरीक्षण में मिलने वाली कमियों को दूर कराने के साथ उसकी प्रगति रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।