महानिरीक्षक ने कसा सुरक्षा का पहरा, चुनाव व त्योहार पर तस्करों के मंसूबे होंगे ध्वस्त

76

महानिरीक्षक ने कसा सुरक्षा का पहरा, चुनाव व त्योहार पर तस्करों के मंसूबे होंगे ध्वस्त

चंदौली : आगामी बिहार विधानसभा चुनाव और पर्व-त्योहारों को ध्यान में रखते हुए शराब तस्करों की संभावित गतिविधियों पर रोकथाम तथा रेल एवं डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) की सुरक्षा को और पुख्ता बनाने के लिए शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक महानिरीक्षक सह महाप्रबंधक सुरक्षा आशीष मिश्रा की अध्यक्षता में डीएफसीसी के मानसनगर स्थित सभागार में हुई। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के स्थानीय निरीक्षक प्रभारियों, डीएफसी सुरक्षा अधिकारियों तथा सोननगर से ऊँचडीह के बीच तैनात पूर्व सैनिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान रेल एवं डीएफसी कॉरिडोर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

महानिरीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिहार चुनाव और त्योहारों की आड़ में शराब तस्कर खाली मालगाड़ियों के माध्यम से शराब तस्करी का प्रयास कर सकते हैं, जिसे किसी भी स्थिति में विफल करना है। इसके लिए रेलवे सुरक्षा बल और डीएफसी सुरक्षा कर्मियों को आपसी तालमेल और साझा रणनीति के साथ काम करना होगा।

बैठक में यह भी तय हुआ कि रेल और डीएफसी से जुड़ी महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों और संस्थानों की संयुक्त सुरक्षा समीक्षा नियमित रूप से की जाएगी। साथ ही, आसूचना तंत्र को और सुदृढ़ करते हुए आपसी सूचना आदान-प्रदान पर बल दिया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की समय रहते जानकारी मिल सके और कार्रवाई की जा सके।

वर्तमान में डीएफसीसी में 60 पूर्व सैनिकों की तैनाती की गई है, जिनमें से 30 ने बैठक में भाग लिया। इनकी तैनाती से कॉरिडोर की सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत हुई है और सुरक्षा एजेंसियों का मनोबल भी ऊँचा है। वही महानिरीक्षक ने अंत में कहा कि “रेल संपत्ति और डीएफसी कॉरिडोर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आगामी चुनाव और त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और चौकस रखा जाएगा और शराब तस्करों के मंसूबों को हर हाल में नाकाम किया जाएगा।”

बैठक में रेलवे सुरक्षा बल डीडीयू के निरीक्षक प्रभारी पी.के. रावत, मानसनगर निरीक्षक प्रभारी शहीद खान, क्राइम ब्रांच निरीक्षक प्रभारी अर्जुन यादव, मंडल निरीक्षक अरुण राम, निरीक्षक बी.के. तिवारी, विशेष आसूचना निरीक्षक प्रभारी संदीप कुमार, निरीक्षक बृजेश कुमार, डीएफसी डीडीयू के वरिष्ठ निरीक्षक सुरक्षा वी.के. सिंह तथा मिर्जापुर निरीक्षक सुरक्षा अखिलेश तिवारी समेत सभी अधिकारी मौजूद रहे।