सड़क पर मना रहे थे बर्थडे पार्टी, मना करने पर पुलिस के साथ की बदतमीजी, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के पुलिस पिकेट के पास शनिवार की देर रात्रि सड़क पर मनबढ़ युवक बर्थडे पार्टी मना रहे थे. पुलिस ने मना किया तो उनके साथ उलझ गए और उनके साथ बदतमीजी करने लगे. इस पर पुलिस ने सख़्ती दिखाते हुए हिरासत में लेकर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. जिसमें से दो लोगों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है. वही एक अन्य फरार चल रहा है.
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर बलुआ पुलिस द्वारा पुलिस पिकेट पर शनिवार की देर रात्रि चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. वही बलुआ के ही रहने वाले जितेंद्र सेठ व अन्य साथी पार्टी मनाकर आ रहे थे. इस दौरान चेकिंग स्थल से 100 मीटर की दूरी पर अपनी गाड़ी को खड़ा किए और उस पर केक रखकर व केक काटकर शोर मचा रहे थे. यह नजारा देखकर पुलिस उनके पास पहुंचकर ऐसा करने से मना करने लगी. जिसके बाद मनबढ़ युवक नही माने और पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी और हाथापाई पर अमादा हो गए. मामला बिगड़ता चला गया. इस मामले की सूचना जैसे ही बलुआ इंस्पेक्टर डॉ आशीष कुमार मिश्रा को हुई तो तत्काल वहां पहुंचकर बदतमीजी करने वाले युवकों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. जिसमें दो युवकों को गिरफ्तार किया है. वही एक अन्य आरोपी फरार हो गया. पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है.
इस बाबत थाना बलुआ प्रभारी डॉ आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि बलुआ के ही रहने वाले चेकिंग अभियान में खलल डाल रहे थे. ऊपर से पुलिस के साथ बदतमीजी कर रहे थे. तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. जिसमें दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. एक अन्य फरार चल रहा है. क्षेत्र में कोई भी हो कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.


















