राशन वितरण में अनियमितता को लेकर कार्डधारक से मारपीट, पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज, वीडियो वायरल
चंदौली : जनपद के चहनियां ब्लॉक अंतर्गत ग्रामसभा मोलनापुर में सरकारी राशन वितरण को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। यहां एक कार्डधारक ने कोटेदार पर राशन कम देने और विरोध करने पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
क्या है मामला?
ग्राम मोलनापुर के निवासी अनिल नामक कार्डधारक कोटेदार से राशन लेने गया था। ई-पास मशीन से निकली पर्ची के अनुसार उसके हिस्से में 20 किलोग्राम राशन निर्धारित था, लेकिन आरोप है कि कोटेदार द्वारा केवल 15 किलोग्राम ही राशन दिया गया। जब अनिल ने पूरे 20 किलोग्राम राशन की मांग की, तो कोटेदार के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और बुरी तरह पीटने लगे।
वीडियो हुआ वायरल
घटना के समय किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर विनोद यादव नामक व्यक्ति ने इस वीडियो को ट्वीट करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
राशन यूनिट को लेकर उठा विवाद
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अनिल के राशन कार्ड पर कुल चार यूनिट हैं। नियम के तहत प्रत्येक यूनिट पर पांच किलोग्राम राशन निर्धारित है, इस प्रकार उसे कुल 20 किलोग्राम राशन मिलना चाहिए था। वहीं बताया जा रहा है कि अनिल के परिवार का एक सदस्य अब जीवित नहीं है, जिसे आधार बनाकर कोटेदार ने राशन की मात्रा कम कर दी। हालांकि कार्ड पर अभी भी चार यूनिट दर्ज हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि किस वजह से मारपीट हुई।

प्रशासन ने लिया संज्ञान
इस पूरे मामले में बलुआ थाना प्रभारी डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि राशन वितरण को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।


















