दो दिवसीय अंतर्जनपदीय बैडमिंटन प्रतियोगिता देर रात हुई सम्पन्न, बालक वर्ग में आजमगढ़, बालिका वर्ग में बलिया का रहा दबदबा

35

दो दिवसीय अंतर्जनपदीय बैडमिंटन प्रतियोगिता देर रात हुई सम्पन्न, बालक वर्ग में आजमगढ़, बालिका वर्ग में बलिया का रहा दबदबा

चंदौली : चहनियां स्थित खण्डवारी देवी इंटर कालेज में चल रहे मां भगवन्ती देवी स्मरणीय दो दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता बुधवार की देर रात को सम्पन्न हुआ. इसमें बालक सीनियर वर्ग व डबल्स में आजमगढ़ व बालिका सीनियर सिंगल में बलिया का दबदबा रहा. सभी अतिथियों को निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह व कोच डॉ. अजय कुमार सिंह ने अंगवस्त्रम व विजयी खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र व मेडल देकर सम्मानित किया. संस्थापक प्रबन्धक डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी बच्चो को साधुवाद दिया.

कोच समाजसेवी डॉ. अजय सिंह के नेतृत्व में वाराणसी, चन्दौली, गाजीपुर, बलिया, अयोध्या समेत कई जनपदों के 130 खिलाड़ियों ने प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. जिसमें बालक सीनियर सिंगल व डबल्स में विशेष कुमार एवं आकाश आजमगढ़ के प्रथम, गाजीपुर के यश लोक व सुजीत द्वितीय रहे. बालिका सीनियर सिंगल में बलिया की श्रेया प्रथम व चन्दौली की याशिका द्वितीय रही. बालिका सीनियर डबल्स में श्रेया सन्तोष व श्रेया अयोध्या प्रथम व अनामिका एवं आँचल वाराणसी द्वितीय रही. बालिका जूनियर डबल्स में अनामिका व आँचल वाराणसी प्रथम एवं नव्या त्रिपाठी एवं स्वेता पाल द्वितीय रही.

खेलों में हिस्सा लेने से बढ़ता है आत्मविश्वास

इस अवसर पर प्रबन्ध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि खेलकूद का हमारे जीवन में बड़ा महत्व है. खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से न केवल शारीरिक व मानसिक विकास होता है बल्कि सामाजिक विकास में भी खेल काफी सहायक हैं. खेलों में हिस्सा लेने से आत्मविश्वास तो बढ़ता ही है साथ ही टीम भावना व प्रतियोगिता की भावना का भी विकास होता है. ऐसे ही खेलो से खिलाड़ियों में निखार आती है. खेल चाहे जो भी हो खेलने वाले खिलाड़ी एक दिन जरूर कामयाब होते है. इस अवसर पर सुशील पाण्डेय, डॉ. दीक्षा राय, आनन्द सिंह, लकी, दिलीप आदि उपस्थित रहे.