101 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, चन्दौली पुलिस ने बरामद किए 31 लाख के गुम मोबाइल
चन्दौली : मोबाइल फोन खो जाने के बाद उसे दोबारा पाने की उम्मीद छोड़ चुके 101 लोगों के चेहरे पर मंगलवार को उस समय खुशी लौट आई, जब चन्दौली पुलिस ने उनके गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल लोगों को उनके कीमती मोबाइल वापस मिले, बल्कि पुलिस के प्रति उनका विश्वास भी और मजबूत हुआ।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त गुम/खोए मोबाइल से संबंधित प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए CEIR पोर्टल से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों और सर्विलांस टीम को मोबाइल बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। लगातार तकनीकी निगरानी और प्रयासों के बाद अलग-अलग स्थानों से 101 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए गए।
08 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन चन्दौली स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल हाथ में पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने चन्दौली पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस का आभार जताया।
सकलडीहा से सबसे अधिक 19 मोबाइल बरामद
बरामद किए गए 101 मोबाइलों में सकलडीहा थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 19 मोबाइल, जबकि चन्दौली से 13, मुगलसराय से 10, बबुरी और धानापुर से 9-9 मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा कंदवा से 7, चकिया, शहाबगंज और सैयदराजा से 6-6, चकरघट्टा से 3, धीना से 3, इलिया से 3, नौगढ़ से 3 तथा बलुआ से 2 मोबाइल बरामद किए गए।
बरामद 101 मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है।
2026 में अब तक 519 मोबाइल बरामद
चन्दौली पुलिस की यह कार्रवाई वर्ष 2026 में मोबाइल बरामदगी की पांचवीं बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 3 मार्च को 75, 20 अप्रैल को 121, 3 जून को 111 और 28 जुलाई को 111 गुम मोबाइल बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। मंगलवार को 101 मोबाइल की बरामदगी के साथ ही वर्ष 2026 में अब तक कुल 519 गुम/खोए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इन सभी बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये है।
सर्विलांस टीम की अहम भूमिका
मोबाइलों की बरामदगी में सर्विलांस टीम ने तकनीकी माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल किया। सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी करते हुए मोबाइलों को ट्रेस करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल खो जाने पर घबराएं नहीं। तत्काल CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही संबंधित थाने अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस की सहायता लें। पुलिस ने लोगों से अपने मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने और मोबाइल गुम होने की स्थिति में यह नंबर पुलिस को उपलब्ध कराने की भी अपील की है।


















