कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने की विकास परियोजनाओं की समीक्षा, विद्युत विभाग पर जमकर बरसे

129

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने की विकास परियोजनाओं की समीक्षा, विद्युत विभाग पर जमकर बरसे

चंदौली : कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड (विकास कार्य) एवं 50 लाख से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। ट्रांसफार्मर बदलने में हो रही देरी और शेड्यूल के अनुरूप विद्युत आपूर्ति में लापरवाही पर उन्होंने एक्सईएन विद्युत को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी ट्रांसफार्मर बदले जाएं और ट्रिपिंग की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जल जीवन मिशन, हर घर नल योजना, पीएम सूर्य घर योजना, ग्रामीण आवास योजना, भवन निर्माण, फैमिली आईडी, ऑपरेशन कायाकल्प, स्वच्छ भारत मिशन, सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की भी गहराई से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के तहत कनेक्शन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और फैमिली आईडी कार्ड निर्माण के लिए अर्थ एवं संख्याधिकारी को विशेष समन्वय सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं में भी देरी पर जताई चिंता

निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बबुरी व बसनी एवं एक्सीलेंस सेंटर में अनावश्यक विलंब पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्टीकरण सहित नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सिंचाई व्यवस्था को लेकर भी रहे सख्त

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता चंद्रप्रभा को निर्देशित किया कि माह के अंत तक किसानों को टेल तक निर्बाध पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में यदि बजट जारी हो चुका है तो कार्य में देरी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

सीएम डैशबोर्ड पर फोकस, रैंकिंग सुधारने के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर बी/सी रैंकिंग वाले विभागों पर सख्त नाराजगी जताते हुए विभागीय अधिकारियों को सुधार के लिए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने योजनाओं की रिपोर्ट समय से पोर्टल पर फीड करें, ताकि शासन स्तर पर योजनाओं की मॉनिटरिंग प्रभावी रूप से हो सके।

बैठक में इन अधिकारियों की रही उपस्थिति

समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई के राय, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, परियोजना अधिकारी, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, पर्यटन, पंचायत, परिवहन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि अधिकारी सिर्फ फाइलों में नहीं, धरातल पर योजनाओं की प्रगति दिखाएं और जनता को सीधा लाभ देने वाली योजनाओं के प्रति संवेदनशीलता बरतें।