फाइनेंस एजेंट से ₹1.40 लाख की लूट का चंदौली पुलिस ने किया खुलासा, चार शातिर लुटेरे गिरफ्तार, मास्टरमाइंड निकला पीड़ित का जानकार

102

फाइनेंस एजेंट से ₹1.40 लाख की लूट का चंदौली पुलिस ने किया खुलासा, चार शातिर लुटेरे गिरफ्तार, मास्टरमाइंड निकला पीड़ित का जानकार

चंदौली : थाना कंदवा क्षेत्र में हुई फाइनेंस कंपनी के एजेंट से ₹1.40 लाख की लूट का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल चार अंतरजनपदीय लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके पास से ₹70800 नकद, एक सैमसंग टैबलेट और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है। इस सनसनीखेज लूट की साजिश पीड़ित एजेंट के परिचित ने ही रची थी, जिसने दोस्तों को एजेंट की लोकेशन और रकम की जानकारी दी थी।

बरहनी में हुई थी लूटपाट

पुलिस के अनुसार, भदोही के औराई थाना क्षेत्र निवासी प्रतीक सिंह एक फाइनेंस कंपनी में एजेंट हैं। 18 जून की शाम वह बरहनी के पास से गुजर रहे थे, तभी चार बदमाशों ने उन्हें घेरकर मारपीट की और एक लाख चालीस हजार रुपये नकद, एक मोबाइल, टैबलेट और बाइक लूटकर फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

घटना की जांच में जुटी पुलिस को सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि लूटकांड से जुड़े कुछ युवक अमड़ा तिराहे के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही कंदवा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार लुटेरे

गिरफ्तार अभियुक्तों में मोनू यादव, आकाश यादव, बहादुर यादव और अरविंद पटेल शामिल हैं। सभी मिर्जापुर जनपद के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मास्टरमाइंड निकला एजेंट का जानकार

पूछताछ में आकाश यादव ने कबूल किया कि वह प्रतीक सिंह को जानता था और उसे जानकारी थी कि वह कलेक्शन एजेंट है और उसके पास नकदी रहती है। इसी लालच में उसने अपने साथियों को बुलाकर लूट की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।

बरामद हुआ लूट का सामान

पुलिस ने इनके कब्जे से ₹70800 नकद, एक सैमसंग टैबलेट, पीड़ित की बाइक और घटना में प्रयुक्त एक अन्य बाइक बरामद की है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार मौर्य के पर्यवेक्षण में थाना कंदवा प्रभारी निरीक्षक दयाराम गौतम, एसओजी प्रभारी आशीष मिश्रा, चौकी प्रभारी रविकांत चौहान समेत टीम ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

चंदौली पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों में खौफ पैदा करने वाली साबित हुई है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को जल्द सफलता के लिए बधाई दी है।