स्वच्छता मिशन की समीक्षा में सख्ती, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
चंदौली : जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक गुरुवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान कई बिंदुओं पर प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि माह के अंत तक सभी लंबित कार्यों को पूर्ण कर जियो टैगिंग के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए। चेतावनी दी गई कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ओडीएफ प्लस के तहत गंगा किनारे स्थित ग्राम पंचायतों में सभी कार्यों को शीघ्र पूरा कर उनका संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजस्व ग्रामों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह के भीतर सुधार लाने को कहा गया। व्यक्तिगत शौचालयों के वितरण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रे-वाटर प्रबंधन अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों में तालाबों की साफ-सफाई कराने और नालों के पानी को चैंबर के माध्यम से तालाबों में प्रवाहित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा, बैठक में जनपद में पेयजल आपूर्ति की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गर्मी के मौसम में किसी भी स्थिति में पेयजल की कमी न होने पाए। जलस्तर गिरने वाले क्षेत्रों में पहले से चिन्हांकन कर बोरवेल और टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पशु-पक्षियों के लिए भी जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी ग्राम सचिवालयों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने और पंचायत सहायकों का मानदेय समय से भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए 15 दिनों के भीतर सभी कार्यों में स्पष्ट सुधार दिखना चाहिए।
बैठक में पीडी डीआरडीए बी.बी. सिंह, डीडीओ सपना अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा सहित सभी खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


















