जीटी रोड पर चला बुलडोजर, मछली मंडी से सपा कार्यालय तक अतिक्रमण ध्वस्त, मचा हड़कंप
चंदौली : जनपद में गुरुवार सुबह प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुगलसराय (पीडीडीयू नगर) के जीटी रोड पर बुलडोजर चला दिया। मछली मंडी से लेकर समाजवादी पार्टी कार्यालय तक पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का अभियान शुरू होते ही इलाके में अफरातफरी मच गई और व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
सुबह से ही जेसीबी मशीनों की गड़गड़ाहट के बीच प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहा। एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में नगर पालिका के ईओ राजीव मोहन सक्सेना और क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह कार्रवाई की निगरानी करते रहे। कोतवाली पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी एहतियातन तैनात रही, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, टीनशेड और दुकानों को हटाया गया। बुलडोजर चलते ही कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान समेटना शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा। एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत पहले ही चिन्हांकन (मार्किंग) कराई जा चुकी थी। उसी के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अतिक्रमण हटने से जीटी रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिन लोगों ने अब भी सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है, वे स्वयं उसे हटा लें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















