चंदौली में आंधी-तूफान का कहर, एक की मौत, कई घायल, शादी समारोह तक प्रभावित, प्रशासन अलर्ट
चंदौली : बुधवार को अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने जनपद में व्यापक तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। तेज हवाओं और बारिश के कारण दर्जनों मकानों, वाहनों और सार्वजनिक संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कमालपुर क्षेत्र के ढोढ़िया गांव में तेज हवा के चलते पेड़ गिरने से एक खड़ी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान एक गुमटी के पलटने से अमरदेव राजभर (55 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गांव के समीप सैयदराजा विधायक प्रतिनिधि अन्नू सिंह की कार पर भी पेड़ गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, घटना के समय वे सुरक्षित बच निकले।
इसी क्रम में इनायतपुर गांव में दर्दनाक हादसा हुआ, जहां लल्लू राम (55 वर्ष) के ऊपर पेड़ की टहनी गिर गई। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
आंधी-तूफान की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई गांवों में दर्जनों घरों की छतें (करकट) उड़ गईं। ढोढ़िया गांव के सैफुल इस्लाम खान और तजम्मूल अंसारी के मकानों पर भी पेड़ गिरने से घरों और वाहनों को भारी नुकसान हुआ।
तेज हवा के कारण शादी-विवाह के पंडाल भी उखड़कर दूर जा गिरे, जिससे कई कार्यक्रमों में बाधा उत्पन्न हुई। चहनियां क्षेत्र में भी आंधी का असर देखने को मिला, जहां कई स्थानों पर पेड़ गिरने की सूचना है।
वहीं, सकलडीहा पीजी कॉलेज परिसर में भी आंधी का व्यापक प्रभाव देखा गया। यहां दो बड़े पेड़ गिरने से शिक्षण कक्ष को नुकसान पहुंचा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि उस समय परिसर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कॉलेज प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
आंधी और बारिश से मौसम भले ही सुहावना हो गया हो, लेकिन इस आपदा ने कई परिवारों को गहरे दुख और आर्थिक क्षति में डाल दिया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


















