तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला समेत तीन घायल, कार चालक गिरफ्तार
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। मंजिदहा गांव के समीप अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी और उस पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अत्यधिक गति में थी। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों में तारा देवी, पत्नी राजकुमार विश्वकर्मा, निवासी पूरा सोनहुला शामिल हैं। उनके साथ बाइक पर सवार अन्य दो लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि सभी किसी जरूरी कार्य से जा रहे थे तभी यह हादसा हो गया।
वही सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है। कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। इधर, ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से स्पीड कंट्रोल के सख्त उपाय और नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है। फिलहाल घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।


















