लेखपाल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, 10 हजार रुपये लेते एंटी करप्शन टीम ने दबोचा

109

लेखपाल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, 10 हजार रुपये लेते एंटी करप्शन टीम ने दबोचा

चंदौली : जिले के सकलडीहा कस्बे में सोमवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया। आरोपी लेखपाल पंकज यादव मथेला व हृदयपुर क्षेत्र में तैनात था।

जानकारी के अनुसार एंटी करप्शन टीम सोमवार शाम करीब चार बजे चार वाहनों से सकलडीहा राजवाहा स्थित उसके किराये के मकान पर पहुंची। टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर ही आरोपी के हाथ धुलवाए गए और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टीम उसे अपने साथ ले गई। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही लेखपाल संघ में हलचल मच गई।

संघ के जिलाध्यक्ष विनय कुमार सिंह और तहसील अध्यक्ष अरुण अवस्थी सहित अन्य लेखपालों ने सीओ स्नेहा तिवारी से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने लेखपाल को घर से उठाए जाने की परिस्थितियों और की गई कानूनी कार्रवाई के संबंध में जानकारी देने की मांग की।

सकलडीहा कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि आरोपी लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने पुष्टि की कि पंकज यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है और उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कहा कि एंटी करप्शन विभाग से आधिकारिक पत्र प्राप्त होते ही संबंधित लेखपाल को निलंबित कर दिया जाएगा। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक महकमे में चर्चा का माहौल बना हुआ है।