बलुआ पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर बकरी चोर, तमंचा व कारतूस बरामद
चन्दौली : जनपद की बलुआ थाना पुलिस ने रविवार देर रात एक शातिर बकरी चोर को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। पकड़ा गया आरोपी लंबे समय से बकरी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था और चोरी के दौरान दबाव बनाने के लिए हथियार साथ रखता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष अतुल कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह व उनकी टीम ने 15 फरवरी की रात मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साहिद कुरैशी उर्फ नीजु (24) पुत्र सफिक कुरैशी निवासी सैदपुर रौजा द्वार वार्ड नं. 4, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर के रूप में हुई है। उसे सैदपुर पुल के पास, ग्राम तिरगांवा (थाना बलुआ क्षेत्र) से रात करीब 11:36 बजे दबोचा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। साथ ही एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (संख्या UP61AN3196) भी जब्त की गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बकरी चोरी कर अपना जीवनयापन करता है। उसने बताया कि अब तक वह 25 से 30 बकरियां चोरी कर राह चलते लोगों को बेच चुका है। चोरी के दौरान भय पैदा करने के लिए वह अवैध तमंचा साथ रखता था। आरोपी ने यह भी बताया कि उक्त तमंचा उसने बिहार में किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था।
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना सादात (जनपद गाजीपुर) में वर्ष 2021 में चोरी, बरामदगी व धमकी (धारा 379/411/506 भादवि) तथा वर्ष 2022 में धोखाधड़ी व जालसाजी (धारा 420/467/468 भादवि) के मुकदमे दर्ज हैं। इस संबंध में थाना बलुआ पर मु0अ0सं0 39/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल उपेंद्र कुमार सिंह तथा कांस्टेबल रमेश चौहान।
बलुआ पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय पशु चोरों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


















