सकलडीहा में एसडीएम का औचक निरीक्षण, गेहूं खरीद में लापरवाही पर सख्त चेतावनी

18

सकलडीहा में एसडीएम का औचक निरीक्षण, गेहूं खरीद में लापरवाही पर सख्त चेतावनी

चंदौली : सकलडीहा के उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने सोमवार दोपहर क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कमालपुर के बभनियाव सहित विभिन्न केंद्रों पर स्टॉक रजिस्टर, खरीद रजिस्टर और टोकन रजिस्टर की गहन जांच की।

क्रय केंद्र प्रभारियों को सख्त निर्देश

एसडीएम ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर गेहूं बेचने में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने क्रय केंद्र प्रभारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

किसानों की सुविधाओं पर जोर

भीषण गर्मी को देखते हुए एसडीएम ने केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।

गौरतलब है कि शासन द्वारा गेहूं का समर्थन मूल्य 2605 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन इस मूल्य पर पारदर्शी और सुचारु खरीद सुनिश्चित करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है।

सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित

एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि फिलहाल क्रय केंद्रों पर गेहूं की आवक कम है, लेकिन आगामी दो से चार दिनों में इसके बढ़ने की संभावना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बोरों की कोई कमी नहीं है और सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।