रिटायर्ड दरोगा ने अपने अधिवक्ता भाई को गोलियों से भूना, गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा गांव

1122

रिटायर्ड दरोगा ने अपने अधिवक्ता भाई को गोलियों से भूना, गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा गांव

चंदौली : जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गांव में गुरुवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव दहशत में आ गया। जमीनी और लोन विवाद को लेकर रिटायर्ड दरोगा दंगल यादव ने अपने ही छोटे भाई अधिवक्ता भाई कमला यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

विवाद ने ले ली जान

जानकारी के मुताबिक, सिरसी गांव निवासी अधिवक्ता कमला यादव पांच भाइयों में से एक थे। जमीन और कर्ज को लेकर अधिवक्ता व उनके रिटायर्ड दरोगा भाई दंगल यादव के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को कचहरी परिसर में दोनों भाइयों के बीच जमकर बहस हुई थी। उसके बाद गुस्से में दरोगा सीधे अधिवक्ता के घर पहुंचे और पहुंचते ही गोलियों की बौछार कर दी। कई राउंड फायरिंग के बाद अधिवक्ता खून से लथपथ गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

अधिवक्ताओं का फूटा गुस्सा

घटना की खबर लगते ही जिले भर के अधिवक्ता आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और आरोपी दरोगा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। चेतावनी दी कि अगर पुलिस सख्त कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन किया जाएगा।

पुलिस सतर्क, आरोपी फरार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपी रिटायर्ड दरोगा की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।