धानापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक बदले, निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन बने धानापुर थाना प्रभारी

118

धानापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक बदले, निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन बने धानापुर थाना प्रभारी

चंदौली : कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग ने एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभागीय फेरबदल किया गया है। इस फेरबदल के तहत दो निरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन, जो अब तक जन शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी के रूप में कार्यरत थे, को धानापुर थाने का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग को नई दिशा मिलेगी। उनके जन शिकायत प्रकोष्ठ से हटने के बाद उस प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी अब किसी नए अधिकारी को दी जाएगी।

वहीं दूसरी ओर, धानापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक डॉ. आशीष कुमार मिश्र को वहां से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। अब वे पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय पुलिस), लखनऊ के संबद्धता में अपनी सेवाएं देंगे। उनका यह स्थानांतरण विभागीय प्रक्रिया और नियमों के तहत किया गया है।

सूत्रों का कहना है कि यह फेरबदल अपराधियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने और थाना स्तर पर पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगा। पुलिस विभाग को उम्मीद है कि नए बदलाव से न केवल अपराध पर अंकुश लगेगा, बल्कि जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी और अधिक मजबूत होगी।