करजरा गांव में 6 वर्षीय मासूम का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

50

करजरा गांव में 6 वर्षीय मासूम का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : जनपद के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत करजरा गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 6 वर्षीय बालक का शव कंपोजिट विद्यालय परिसर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार करजरा गांव निवासी कार्तिक सिंह (6 वर्ष) पुत्र कृष्णानंद सिंह रविवार सुबह घर से निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच ग्रामीणों को कंपोजिट विद्यालय की चहारदीवारी के भीतर बालक का शव पड़ा मिला।

शव मिलने की सूचना पर मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन तत्काल बालक को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही धीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। मासूम की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।