इटवां में धर्म परिवर्तन की सूचना पर पुलिस का छापा, छह हिरासत में, बाइबिल, पंपलेट व अन्य सामग्री बरामद

146

इटवां में धर्म परिवर्तन की सूचना पर पुलिस का छापा, छह हिरासत में, बाइबिल, पंपलेट व अन्य सामग्री बरामद

चंदौली : सकलडीहा थाना क्षेत्र के इटवां गांव में कथित धर्म परिवर्तन की सूचना पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रार्थना सभा में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया है। उनके कब्जे से सात बाइबिल, ईसा मसीह से संबंधित लगभग 50 स्मारिकाएं, बड़ी संख्या में पंपलेट व पोस्टर, पीए सिस्टम, एक चार पहिया वाहन तथा कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि इटवां गांव स्थित जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि रमेश राम के भाई के आवास पर प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को झाड़-फूंक और अन्य प्रलोभनों का सहारा लेकर कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही सकलडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छापेमारी की।

पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद दर्जनों महिला-पुरुषों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में धार्मिक साहित्य और प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री भी जब्त की।

क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिस को धर्म परिवर्तन जैसी गतिविधियों की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां प्रार्थना सभा संचालित होती मिली। वहां से छह व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया कि बरामद सामग्री में कुछ आपत्तिजनक पुस्तकें, पंपलेट, पीए सिस्टम, एक चार पहिया वाहन और मोबाइल फोन शामिल हैं, जिनका परीक्षण किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना सकलडीहा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

सीओ ने यह भी बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में एक ऐसा व्यक्ति भी शामिल है, जो पूर्व में भी धर्म परिवर्तन के आरोप में जेल जा चुका है और उसके विरुद्ध पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और इसके संभावित संबंधों की गहन जांच कर रही है। पूछताछ में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका दायरा कितना व्यापक है।