बंद रेलवे फाटक पार करते समय दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से दो फुटबॉल खिलाड़ियों की मौत

129

बंद रेलवे फाटक पार करते समय दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से दो फुटबॉल खिलाड़ियों की मौत

चंदौली : जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के ताराजीवनपुर से रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। बंद रेलवे फाटक पार करते समय एक मेमो ट्रेन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवकों की बाइक ट्रेन के इंजन में फंसकर कुछ किलोमीटर दूर सहरोई गांव तक घिसटती चली गई। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और चौकी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

खेल मैदान जाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

मृतकों में चकिया के अरारी निवासी प्रमोद पासवान (24 वर्ष) और जीवनपुर निवासी आकाश यादव (22 वर्ष) शामिल थे। प्रमोद पासवान अपने मामा के घर दयालपुर में रहकर फुटबॉल खेलता था और एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी था। वह रोज की तरह रविवार सुबह भी अपने दोस्त आकाश यादव के साथ बाइक से तारापुर स्थित खेल मैदान में अभ्यास के लिए जा रहा था। लेकिन दुर्भाग्यवश, रेलवे क्रॉसिंग के पास बंद फाटक पार करने के दौरान दोनों युवक मेमो ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद मचा कोहराम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि युवकों की बाइक उसके इंजन में फंस गई और कई किलोमीटर दूर सहरोई गांव तक घसीटती चली गई। जैसे ही इस हृदयविदारक घटना की जानकारी परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों को मिली, वे घटनास्थल पर पहुंच गए। पूरे गांव में मातम पसर गया और लोगों की आंखें नम हो गईं।

पुलिस और आरपीएफ ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा उपायों की मांग

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में रोष देखा गया। उन्होंने रेलवे क्रॉसिंग पर समुचित सुरक्षा उपाय करने की मांग उठाई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लोग जल्दबाजी में बंद फाटक पार करने की कोशिश करते हैं, जिससे जानलेवा हादसे हो जाते हैं।

परिवार और खिलाड़ियों में शोक की लहर

प्रमोद और आकाश की असमय मौत से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और खिलाड़ियों में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों ही अच्छे फुटबॉल खिलाड़ी थे और अपने खेल से भविष्य में कुछ बड़ा करने की उम्मीद रखते थे। लेकिन एक हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव इस दुखद घटना से स्तब्ध है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई रेलवे फाटकों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होते, जिससे ऐसी घटनाएं बार-बार होती रहती हैं। वही लोगों ने रेलवे फाटकों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों सके।